Sunday, September 6, 2026
HomeNation WiseUttar Pradeshचंदौली में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब जा पहुंचा, 36...

चंदौली में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब जा पहुंचा, 36 सेंटीमीटर का फासला बढ़ाएगा दुश्‍वारी

दैनिक जागो वर्ल्ड!चंदौली

चंदौली में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गया है, जो लगातार 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है और तटवर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है, साथ ही ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है।। गंगा और यमुना नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब गंगा के जलस्तर पर दिखाई देने लगा है। नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। सोमवार सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 69.90 मीटर दर्ज किया गया। यह चेतावनी बिंदु से महज 36 सेंटीमीटर नीचे है। नदी का जलस्तर करीब दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।इससे गंगा के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने मुगलसराय और सकलडीहा तहसील क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। दोनों तहसीलों में स्थापित बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड पर रखने के साथ ही शरण स्थलों और पशु शरण स्थलों की तैयारी पूरी रखने को कहा गया है।

संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से मेडिकल टीमों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है, ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके अलावा नाव, नाविक और गोताखोरों को भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।बाढ़ राहत सामग्री के सप्लायरों को भी अलर्ट मोड में रखने को कहा गया है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर राहत सामग्री की आपूर्ति में किसी तरह की परेशानी न हो। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए तटवर्ती गांवों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी व जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाने की अपील की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular