दैनिक जागो वर्ल्ड!सुलतानपुर

सुलतानपुर नगर पालिका ने मौनी मंदिर से हाइड्रिल गेट तक 63 लाख रुपये की लागत से 200 मिमी गेज की नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया है। यह परियोजना 10 हजार लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएगी।नगर पालिका ने पेयजल योजना से मौनी मंदिर से हाइड्रिल गेट तक 200 मिलीमीटर गेज की नई पाइप लाइन बिछाने की कार्ययोजना तैयार की थी। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद धन आवंटित होने से पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू हो गया है।

इस पर 63 लाख 37 हजार 288 रुपये व्यय किए जाएंगे। पालिका की इस पहल से 10 हजार लोगों को पेयजल से राहत मिलेगी। सड़क चौड़ीकरण होने से पुरानी पाइप लाइन सड़क के बीच में हो गई है। पाइप लाइन बिछने के बाद जलकल कर्मियों को आए दिन हो रहे लीकेज की समस्या दूर करने के लिए सड़क तोड़ने से अब छुटकारा मिलेगा।दरियापुर निवासी जय प्रकाश, पवन कुमार, संदीप, मौनी मंदिर निवासी मनोज कुमार, प्रदीप कुमार ने बताया कि पाइप लाइन पुरानी होने की वजह लीकेज होने पर जलापूर्ति में बाधा होती है। गर्मी में दिनों में कुछ ज्यादा ही लीकेज की समस्या होती है, सड़क तोड़कर जलकल कर्मियों को फाल्ट ठीक करने में एक से दो दिन लग जाता है।इससे लोगों को प्यास बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति में नागरिक अगल बगल रहे रहे इंडिया मार्का हैंडपंप का सहारा लेते हैं। नई पाइप लाइन बिछने के बाद लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है|
