दैनिक जागो वर्ल्ड !गोरखपुर

गोरखपुर में वज्रपात से गुंबद गिरने से दो अधिवक्ताओं की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। तत्कालीन जेई, एई और ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।महायोगी गुरु गोरक्षनाथ घाट पर वज्रपात से गुंबद (गजीबो) गिरने और दो अधिवक्ताओं की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

अधिवक्ता संजय सिंह की पत्नी अर्चना सिंह की तहरीर पर राजघाट थाने में ड्रेनेज खंड के तत्कालीन जेई, एई और ठेकेदार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने देर रात तक कई स्थानों पर छापेमारी की।दो जेई, एक एई और ठेकेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस गुंबद के निर्माण, उसकी स्थिति और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।रविवार को सिविल कोर्ट के अधिवक्ता विनोद तिवारी की माता की अंत्येष्टि के दौरान तेज बारिश से बचने के लिए लोग घाट पर बने गुंबद के नीचे गए थे। इसी दौरान वज्रपात हुआ और गुंबद भरभराकर गिर गया।मलबे में दबने से राप्तीनगर निवासी अधिवक्ता आलोक अस्थाना और शक्तिनगर कालोनी निवासी अधिवक्ता संजय सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे। आलोक की जिला अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई थी, जबकि संजय ने बीआरडी मेडिकल कालेज के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
