दैनिक जागो वर्ल्ड ! सूबेदारगंज

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने सूबेदारगंज और सोनभद्र स्टेशनों पर यात्रियों के लिए 24 घंटे खान-पान की सुविधा होगी। अत्याधुनिक फूड वैन के जरिए स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलेगा। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने रेल यात्रियों के सफर को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रयागराज मंडल के तहत आने वाले सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन (सुलेमसराय साइड) और सोनभद्र रेलवे स्टेशन परिसर में अब यात्रियों को 24 घंटे खान-पान की बेहतरीन सुविधा मिलेगी। इसके लिए रेलवे प्रशासन दोनों स्टेशनों पर अत्याधुनिक फूड वैन स्थापित करने जा रहा है।

इस व्यवस्था को पांच साल की अवधि के लिए अनुबंधित एजेंसी द्वारा तैयार, संचालित और सुव्यवस्थित तरीके से मेंटेन किया जाएगा। अक्सर देखा जाता है कि देर रात या भोर में ट्रेनों से उतरने और चढ़ने वाले यात्रियों को चाय, नाश्ते या भरपेट खाने के लिए स्टेशन के बाहर भटकना पड़ता था। कई बार दुकानें बंद होने के कारण यात्रियों, खासकर बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। अब 24×7 फूड वैन सेवा शुरू हो जाने से दिन हो या रात, यात्रियों को हर समय ताजा, गर्म और गुणवत्तापूर्ण भोजन आसानी से उपलब्ध रहेगा। इससे स्टेशन पर उतरते ही खान-पान की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
