दैनिक जागो वर्ल्ड! दौलतपुर चौक

पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दौलतपुर चौक में गुरुवार को ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत इको क्लब मिशन लाइफ द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विद्यालय परिसर को हरियाली से समृद्ध बनाने का संकल्प लिया।

वन विभाग के सहयोग से उपलब्ध करवाए गए शीशम, सागौन (टीक) तथा जामुन के पौधों का विद्यालय परिसर में रोपण किया गया। कार्यक्रम विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. गुलशन पठानिया के मार्गदर्शन तथा इको क्लब प्रभारी मोनिका रतन और मोनिका देवी की देखरेख में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में रोपण के लिए भी पौधे वितरित किए गए। उन्हें पौधों की नियमित देखभाल, जल संरक्षण तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रधानाचार्य डॉ. गुलशन पठानिया ने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यार्थी एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी से देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण के अभियान को नई गति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
