दैनिक जागो वर्ल्ड ! दौलतपुर चौक,

राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से आगामी अंतर महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु प्रतिभा खोज (टैलेंट हंट) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं के बीच वॉलीबॉल ट्रायल एवं रोमांचक मुकाबले करवाए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियों से शारीरिक एवं मानसिक क्षमता का विकास होने के साथ-साथ नेतृत्व, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. सुनील रायत, डॉ. सतिंदर शर्मा तथा एपी राज कुमार ठाकुर ने ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया और उत्कृष्ट प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा खोज कार्यक्रम का उद्देश्य उभरते खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें भविष्य में महाविद्यालय की ओर से विश्वविद्यालय एवं अन्य प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सके।

महाविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
