Wednesday, April 15, 2026
HomeRajnitiकुटलैहड़ कार्यालय जोगी पंगा में विधायक विवेक शर्मा ने सुनी जन समस्याएं,...

कुटलैहड़ कार्यालय जोगी पंगा में विधायक विवेक शर्मा ने सुनी जन समस्याएं, तत्काल समाधान

कुटलैहड़-जोगिंदर देव आर्य

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ के कार्यालय जोगी पंगा में जन समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई मामलों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं लेकर विधायक कार्यालय पहुंचे। विधायक विवेक शर्मा ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही सभी अधिकारियों को समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्र के कई बुजुर्गों ने विधायक विवेक शर्मा से मुलाकात कर प्रदेश सरकार द्वारा बुढ़ापा पेंशन में प्रति माह एक हजार रुपये की बढ़ोतरी किए जाने पर आभार व्यक्त किया। बुजुर्गों ने कहा कि पहले की सरकारें बुढ़ापा पेंशन में मात्र सौ रुपये की बढ़ोतरी करती थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने एक साथ एक हजार रुपये बढ़ा कर बुजुर्गों को बड़ी राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी से बुजुर्गों को अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी सहूलियत मिलेगी। बुजुर्गों ने विधायक विवेक शर्मा से कहा कि हमारे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने समाज के कमजोर वर्गों की भलाई के लिए कई महत्व पूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पेंशन राशि बढ़ाने का निर्णय बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस दौरान बुजुर्गों ने विधायक को धन्यवाद देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना की।
सुक्खू सरकार जनता को समर्पित, हर योजना का मिल रहा लाभ,विवेक शर्मा
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पूरी तरह से जनता को समर्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में सरकार द्वारा चलाई गई हर योजना का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के हर वर्ग को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि सरकार ने अपने कार्यकाल में पारदर्शिता और जवाब देही को प्राथमिकता दी है, जिसके चलते आम जनता का विश्वास सरकार के प्रति लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से विकास कार्यों को गति दी जा रही है और आधार भूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सुक्खू सरकार के बजट की उपलब्धियां गिनाते हुए विकास को बताया प्राथमिकता,
विधायक विवेक शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रस्तुत प्रदेश सरकार के चौथे बजट की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया। उन्होंने कहा कि इस बजट में समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के सशक्ति करण, युवाओं के रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने और बुजुर्गों के कल्याण के लिए कई नई योजनाएं शुरू की गई हैं। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि चौथे बजट में महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिनके तहत पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके अलावा युवाओं के लिए स्वरोजगार योजनाओं को बढ़ावा देने के लिए भी बजट में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं।

सरकार के बजट में किसानों ,युवाओं महिलाओं के लिए कई नई योजनाएं,होगी आर्थिकी मजबूत,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए नई योजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी कई योजनाएं लागू की गई हैं।
महिलाओं के लिए स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भी विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। विधायक ने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
जन समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन को सख्त निर्देश,
जन समस्याएं सुनने के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी विभाग जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन समस्याओं का समाधान तुरंत संभव है, उन्हें बिना देरी के निपटाया जाए और जिन मामलों में समय लगेगा, उनकी नियमित समीक्षा की जाए। विधायक विवेक शर्मा ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कुटलैहड़ क्षेत्र का विकास मेरी प्रतिबद्ध,जनता का विश्वास सबसे बड़ी ताकत,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि सड़कों, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर गांव और हर घर तक विकास की रोशनी पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के साथ सरकार निरंतर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं बेझिझक उनके समक्ष रखें, ताकि उनका समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular