बंगाणा-जोगिंदर देव आर्य

बंगाणा क्षेत्र पलोह में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। कथा के दूसरे दिन मुख्यतिथि के रूप में विधायक सुदर्शन बबलू ने शिरकत कर कथा का श्रवण किया तथा उत्तर भारत के प्रसिद्ध व्यास पीठ अतुल कृष्ण महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर उपस्थित रहे और भगवान की भक्ति में लीन नजर आए। कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदर्शन बबलू ने कथा स्थल पर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और कथा व्यास अतुल कृष्ण महाराज का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों को धर्म तथा संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजकों द्वारा किए जा रहे इस पुण्य कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्व पूर्ण भूमिका निभाते हैं। कथा के दूसरे दिन कई गणमान्य लोगों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इनमें मुख्य रूप से चीफ एडवाइजर राज गौतम, निशा शर्मा, राहुल सूरयाल, सुरिंदर शास्त्री, डॉ. वरुण गर्ग, डॉ. सुरेश गर्ग (सेवानिवृत्त एमओ) तथा सुभाष सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे। सभी ने श्रद्धा भाव से कथा का श्रवण किया और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश ग्रहण किया।इस दौरान कथा व्यास अतुल कृष्ण महाराज ने अपने प्रवचनों में श्रीमद् भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की सही दिशा दिखाने वाला मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति श्रद्धा और विश्वास के साथ श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करता है, उसके जीवन के कष्ट दूर होते हैं और उसे मानसिक शांति प्राप्त होती है। उन्होंने यह भी बताया कि कथा का आयोजन करने और उसका श्रवण करने से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है तथा परिवार और समाज में प्रेम और सद्भावना बढ़ती है। कथा व्यास ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सेवा के महत्व को समझाते हुए कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में सदैव अच्छे कर्म करने चाहिए और जरूरतमंदों की सेवा को सर्वोच्च धर्म मानना चाहिए। उन्होंने भगवान की भक्ति के माध्यम से जीवन को सफल बनाने का संदेश देते हुए सभी को नियमित रूप से धार्मिक आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। आयोजन के दौरान समाजसेवक एवं शिवशक्ति बस सर्विस के मालिक किशन देव शर्मा की विशेष भूमिका भी सराहनीय रही। बताया गया कि किशन देव शर्मा हमेशा प्रभु सेवा और समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी रहते हैं इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं। उनके सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। रोजाना कथा उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। भंडारे में सेवा भाव से कार्य कर रहे स्वयंसेवकों की भूमिका सराहनीय रही,जो पूरे समर्पण के साथ श्रद्धा लुओं की सेवा में जुटे हुए हैं। समूचे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रतिदिन कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है। यह भव्य आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का कार्य कर रहा है।

