विकासात्मक विज़न के साथ मैदान में उतरीं प्रधान प्रत्याशी सीमा शर्मा
जागो!ऊना,कुटलैहड़

जिला ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पंचायत में प्रधान पद की उम्मीदवार सीमा शर्मा ने चुनावी प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। वह अपने समर्थकों के साथ पंचायत के विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रही हैं और अपने विकासात्मक दृष्टिकोण को जनता के सामने रख रही हैं।
सीमा शर्मा ने कहा कि पंचायतवासियों का उन्हें भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि जनता उन्हें प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपती है तो वे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पंचायत के विकास के लिए कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए प्रत्येक वादे को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर काम किया जाएगा।
अपने चुनावी एजेंडे के बारे में बताते हुए सीमा शर्मा ने कहा कि पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नालियों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा। पंचायत की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर सोलर लाइटें लगाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर रोशनी और सुरक्षा मिल सके।
उन्होंने कहा कि टूटी हुई सड़कों की मरम्मत करवाने के साथ-साथ नई सड़कों के निर्माण के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। बच्चों और बुजुर्गों के लिए लाइब्रेरी स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा, जिससे शिक्षा और ज्ञान का वातावरण विकसित हो सके।
सीमा शर्मा ने कहा कि पंचायत के खेल मैदान को और अधिक सुविधायुक्त बनाया जाएगा ताकि युवाओं को खेल गतिविधियों में भाग लेने के बेहतर अवसर मिल सकें। इसके साथ ही पात्र बुजुर्गों को पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
उन्होंने कहा, “मैं शिक्षित हूं और शिक्षिका के रूप में समाज की सेवा कर चुकी हूं। मुझे अच्छी तरह पता है कि योजनाओं को किस प्रकार धरातल पर उतारा जाता है और गांव के विकास के लिए किन प्राथमिकताओं पर काम करने की आवश्यकता होती है।”
सीमा शर्मा ने पंचायतवासियों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि पंचायत को विकास, शिक्षा, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है।
