दैनिक जागो वर्ल्ड कुल्लू

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में पार्वती नदी और मनालसू नाले से दो शव बरामद हुए हैं। एक युवक 23 जुलाई से लापता था, जबकि दूसरा नेपाल निवासी ओल्ड मनाली में सिलाई का काम करता था।हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में नदी में बहे दो लोगों के शव बरामद हुए हैं। एक शव कुल्लू के ही युवक का है, जो कुछ दिन से लापता था व दूसरा शव नेपाल निवासी का है। 25 वर्षीय देवेंद्र कुमार का शव पार्वती नदी से बरामद किया गया। देवेंद्र मणिकर्ण क्षेत्र के शांगणा गांव, डाकघर मणिकर्ण का निवासी था। स्वजन के अनुसार वह बीते 23 जुलाई से लापता था।

उसके लापता होने के बाद परिवार के सदस्य लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। रविवार को पार्वती नदी से उसका शव बरामद होने की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।ओल्ड मनाली के समीप बहने वाले मनालसू नाले से प्रशासन और पुलिस ने मौसम दरनाल (पुत्र इच्छा राम) का शव बरामद किया। मृतक मूल रूप से नेपाल के झापा जिले के गांव शिंगशार, डाकघर सुरंगा का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि मौसम दरनाल ओल्ड मनाली में रहकर सिलाई का काम करता था। नाले में उसका शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को नियमानुसार पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस दोनों मामलों में मौत के कारणों की जांच कर रही है।नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने की अपील भी की है।
