Sunday, September 6, 2026
HomeNation WiseUttar Pradeshचंदौली में राजदारी-देवदारी जलप्रपात पर फंसे तीन सैलानी, पुलिस और वन विभाग...

चंदौली में राजदारी-देवदारी जलप्रपात पर फंसे तीन सैलानी, पुलिस और वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

  1. दैनिक जागो वर्ल्ड!चंदौली

चंदौली के राजदारी-देवदारी जलप्रपात पर तेज बारिश के कारण नदी में फंसे तीन सैलानियों को पुलिस और वन विभाग की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। पानी का बहाव बढ़ने से वे एक पत्थर के टीले पर चढ़ गए थे, जिसके बाद कड़ी मशक्कत से उनका रेस्क्यू किया गया। राजदारी-देवदारी जलप्रपात घूमने पहुंचे तीन सैलानी रविवार को तेज बारिश के बाद जलस्तर और बहाव बढ़ने से बीच धारा में फंस गए। जलप्रपात से लगभग 800 मीटर दूर चंद्रप्रभा बांध की ओर नदी में स्नान करते समय दोपहर लगभग तीन बजे पानी का बहाव बढ़ गया। इससे बचने के लिए तीनों सैलानी नदी के बीच स्थित पत्थर के टीले पर चढ़ गए।पानी का बहाव तेज होने के कारण वे काफी देर तक वहीं फंसे रहे हालांक‍ि कड़ी मशक्‍कत के बाद तीनों की जान बची। बताया गया क‍ि तीन युवक रविवार की सुबह राजदरी-देवदरी घूमने के लिए आए थे। इनके नदी में फंसे होने की जानकारी पर चंद्रप्रभा चौकी के हेड कांस्टेबल शिव जी शर्मा और कांस्टेबल सतीश यादव मौके पर पहुंचे।

फंसे होने की जानकारी के बाद वन विभाग की टीम भी राहत और बचाव कार्य के लिए पहुंच गई। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने तत्परता से रेस्क्यू अभियान चलाकर नदी के तेज बहाव के बीच पत्थर के टीले पर फंसे तीनों सैलानियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सुरक्षित निकाले गए सैलानियों में आनंद सिंह पुत्र अजय कुमार निवासी चंदौली, अभिषेक जायसवाल पुत्र राकेश निवासी नदेसर, वाराणसी और करण मौर्य पुत्र श्रीनारायण निवासी चौकाघाट, वाराणसी शामिल हैं।रेस्क्यू के बाद सभी को आवश्यक प्राथमिक देखभाल दी गई। इसके बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र कुमार ने बारिश के मौसम में नदियों और जलप्रपातों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पर्यटकों से गहरे पानी और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचने को कहा गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular