ऊना

ऊना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत जनकोर की बेटी प्रिया चंदेल ने हरियाणा में आयोजित राष्ट्रीय कुझाक त्राशौ प्रतियोगिता में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर प्रदेश, जिला ऊना और अपनी पंचायत का नाम रोशन किया है। अपने पैतृक गांव पहुंचने पर प्रिया का पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान प्रोमिला देवी, उपप्रधान वीरेंद्र सिंह, वार्ड पंच जगदेव चंदेल, संदीप कुमार, पूनम देवी, सुनैना देवी, रिया देवी सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे। पंचायत की ओर से प्रधान प्रोमिला देवी ने प्रिया चंदेल को शॉल, टोपी और नकद प्रोत्साहन राशि भेंट कर सम्मानित किया।
प्रधान प्रोमिला देवी ने प्रिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत ऐसी प्रतिभावान बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। सभी पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रिया को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
मीडिया से बातचीत में प्रिया चंदेल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच को दिया। उन्होंने कहा कि उनके विश्वास और मार्गदर्शन की बदौलत वह इस मुकाम तक पहुंच सकीं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि खेल के क्षेत्र में बेहतर कोचिंग और सुविधाओं की कमी खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती है।
प्रिया ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से खेल सुविधाओं को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि जिले के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में आगे नहीं बढ़ पाते। यदि सरकार और प्रशासन आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएं तो ऊना जिला राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बना सकता है।
उन्होंने ग्राम पंचायत जनकोर में खेल मैदान के निर्माण की मांग भी उठाई, ताकि गांव के अधिक से अधिक युवा खेलों से जुड़कर अपने सपनों को साकार कर सकें और जिले का नाम रोशन करें।

