दैनिक जागो वर्ल्ड !ऊना ,ब्यूरो रिपोर्ट

जिला ऊना में चिट्टा तस्करी, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक सचिन हीरा मैठ के नेतृत्व में पुलिस ने नशा तस्करों, चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोहों तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान तेज किया है।

हाल के दिनों में पुलिस ने कई चोरी के मामलों का खुलासा करने के साथ-साथ चिट्टा तस्करी के खिलाफ भी महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं। इसके अलावा अवैध खनन और वन संपदा से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई की गई है।

गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभालने के बाद जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठाए गए हैं। अतिक्रमण हटाने से लेकर असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई तक पुलिस की सक्रियता देखने को मिली है। हाल ही में संपन्न पंचायती राज चुनाव भी जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए गए।

सूत्रों के अनुसार, जिला पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन बनाए रखने के लिए भी सख्ती बरती जा रही है। बताया जा रहा है कि अब तक पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है, जबकि दो अन्य कर्मचारियों के विरुद्ध वेतन संबंधी विभागीय कार्रवाई की गई है। हालांकि, इस संबंध में जिला पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है।
यदि सूत्रों की यह जानकारी सही है, तो इससे यह संदेश जाता है कि विभाग के भीतर भी अनुशासनहीनता या कार्य में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस विभाग सामान्यतः ऐसी आंतरिक विभागीय कार्रवाइयों का सार्वजनिक रूप से खुलासा नहीं करता, लेकिन माना जा रहा है कि पुलिस प्रशासन कार्य संस्कृति और जवाबदेही को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं करना चाहता।
