बंगाणा–जोगिंदर देव आर्य

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव धरेत (पोस्ट ऑफिस कोहडरा, तहसील बंगाणा) निवासी संजय कुमार की करीब दो महीने बाद यूएई के आबूधाबी से सकुशल घर वापसी हो गई है। इस मानवीय पहल के पीछे अनुराग ठाकुर और वीरेंद्र कंवर के अथक प्रयासों को सराहा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय कुमार, सुपुत्र प्रीतम चंद, 28 जनवरी 2026 को रोजगार के सिलसिले में आबूधाबी गया था। कुछ ही दिनों बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत खराब होने के बावजूद कंपनी प्रबंधन उसे भारत वापस भेजने में टालमटोल करता रहा, जिससे उसकी स्थिति और चिंताजनक हो गई। उधर, बेटे की बिगड़ती हालत की खबर सुनकर परिजनों की चिंता बढ़ती गई, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वे कोई ठोस कदम उठाने में असमर्थ थे।
आखिरकार संजय के पिता प्रीतम चंद ने अपनी व्यथा पूर्व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर के समक्ष रखी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए वीरेंद्र कंवर ने तुरंत संज्ञान लिया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने मामले को प्राथमिकता देते हुए सांसद अनुराग ठाकुर को पत्र लिखकर भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग की।
इसके बाद अनुराग ठाकुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों और भारतीय दूतावास से संपर्क साधा। लगातार प्रयासों और समन्वय के चलते अंततः करीब दो महीने बाद संजय कुमार की सुरक्षित घर वापसी संभव हो पाई।
घर लौटने पर संजय कुमार और उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने भावुक होकर वीरेंद्र कंवर और अनुराग ठाकुर का तहेदिल से आभार जताया। प्रीतम चंद ने कहा, “हमारा बेटा हमारी जान है। इनके अथक प्रयासों से ही हमारा बेटा सकुशल वापस लौट पाया है, जिसके लिए हम जीवनभर आभारी रहेंगे।”
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और तत्परता को उजागर किया है, जिससे एक परिवार को बड़ी राहत मिली और उन्होंने सुकून की सांस ली।
