दैनिक जागो वर्ल्ड

ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री ने इस नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए पार्टी नेतृत्व से शिकायत की है, जबकि ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष ने नेत्रपाल का बचाव किया है।भाजपा में ब्रज क्षेत्र की नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष बनाए गए चौधरी नेत्रपाल सिंह के चयन पर सवाल खड़े हो गए हैं। नेत्रपाल पर धोखाधड़ी के एक मुकदमे में ढाई माह तक जेल में रहे। भाजपा के ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री का कहना है कि बाकी लोग भी कतार में थे, इसके बाद भी जेल जा चुके नेत्रपाल को उपाध्यक्ष बना दिया गया है। इसकी शिकायत भी पार्टी नेतृत्व को दी गई है।

नेत्रपाल सिंह की नियुक्ति पर सवाल खड़े कर रहे भाजपाई
भाजपा की तीन दिन पहले क्षेत्रीय कार्यकारिणी की सूची जारी की गई है। इसमें जिले के नेत्रपाल सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया है। नेत्रपाल के उपाध्यक्ष के नाम की घोषणा होते ही शिकायतों का दौर शुरू हो गया है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री नरेंद्र सिंह का कहना है कि पहले वह नेत्रपाल सिंह के साथ साझेदारी में व्यापार करते थे। उनका 55 लाख रुपये का गबन नेत्रपाल सिंह ने कर लिया। इस पर उन्होंने 2021 में नेत्रपाल सिंह के विरुद्ध धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
