दैनिक जागो वर्ल्ड दौलतपुर

दौलतपुर चौक, 20 अगस्त (संजीव डोगरा )। चलेट में बुधवार करीब तीन बजे हुए सड़क हादसे में बीसीए तृतीय वर्ष की छात्रा सुनाक्षी, पुत्री सतनाम सिंह, की मौत हो गई। सुनाक्षी अपने माता-पिता के साथ नहीं, बल्कि रिश्तेदारों के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार कॉलेज से छुट्टी होने के बाद सुनाक्षी घर जाने के लिए बाजार अड्डे पर पहुंची थी। इसी दौरान उसके गांव के एक व्यक्ति ने उसे स्कूटी पर लिफ्ट दी। स्कूटी चलेट पुल को पार करने के बाद करीब 50 मीटर ही आगे पहुंची थी कि पीछे से आ रहे टैंकर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के कारण स्कूटी के पीछे बैठी सुनाक्षी सड़क पर गिर गई और उसके सिर पर गंभीर चोट आई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे चलेट के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चोट गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने किया गिरफ्तार
हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार टैंकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों, टैंकर की गति और चालक की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई जारी है।
