Saturday, June 13, 2026
HomeHImachal NewsUnaप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सीएम प्रो. प्रेम कुमार धूमल...

प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सीएम प्रो. प्रेम कुमार धूमल से मिले कुटलैहड़ के युवा नेता राजेंद्र ठाकुर ‘रिंकू’

पंचायती राज चुनाव परिणामों और संगठनात्मक गतिविधियों पर हुई विस्तृत चर्चा

जागो! बंगाणा, कुटलैहड़ , जोगिंदर देव आर्य

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा के युवा नेता राजेंद्र ठाकुर उर्फ रिंकू ने रविवार को समीरपुर स्थित निवास पर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हाल ही में संपन्न हुए पंचायती राज चुनावों, संगठन की भावी रणनीति तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान राजेंद्र ठाकुर ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र सहित जिला ऊना में हुए पंचायती राज चुनावों के परिणामों और राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. धूमल को दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को मिले जनसमर्थन और चुनावी प्रक्रिया के दौरान जनता की प्राथमिकताओं को भी उनके समक्ष रखा। प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने पंचायत चुनावों में विजयी हुए सभी जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव होती हैं। उन्होंने कहा कि चुने गए प्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपने-अपने क्षेत्रों के विकास और जनता की सेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और उनके माध्यम से ही सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं।

राजेंद्र ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री को कुटलैहड़ क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक और विकासात्मक मुद्दों से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता विकास, रोजगार, बेहतर सड़क सुविधाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपेक्षाएं रखती है तथा इन मुद्दों के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। मुलाकात के दौरान संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई। प्रो. धूमल ने भाजपा कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं,जिन्होंने हमेशा संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के हर वर्ग तक पहुंचने और लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयास करने का आग्रह किया। राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि प्रो. प्रेम कुमार धूमल का राजनीतिक अनुभव और मार्गदर्शन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने युवाओं की राजनीति और सामाजिक कार्यों में बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि युवा वर्ग देश और प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान राजेंद्र ठाकुर ने प्रो. धूमल का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन में संगठन और समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मुलाकात को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं का अनुभव और मार्गदर्शन पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular