Saturday, June 13, 2026
HomeRajnitiकुटलैहड़ की मोम्नियार और वॉल पंचायतों के अभिनंदन समारोह में पहुंचे भाजपा...

कुटलैहड़ की मोम्नियार और वॉल पंचायतों के अभिनंदन समारोह में पहुंचे भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो

पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो बोले, पंचायती राज प्रतिनिधि हैं ग्रामीण सरकार, सभी को साथ लेकर करवाएं विकास

जागो!बंगाणा,कुटलैहड़,जोगिंदर देव आर्य

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोम्नियार और वॉल में आयोजित अभिनंदन समारोह में कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक ने पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए उन्हें जनसेवा और विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है और पंचायत प्रतिनिधि वास्तव में ग्रामीण सरकार का स्वरूप होते हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने पंचायत प्रतिनिधियों पर विश्वास जताकर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, इसलिए सभी प्रतिनिधियों को बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक व्यक्ति और प्रत्येक परिवार को साथ लेकर अपनी पंचायत के विकास के लिए कार्य करना चाहिए। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश और देश के विकास की आधारशिला है। पंचायत स्तर पर यदि योजनाओं का सही क्रियान्वयन हो और जनसमस्याओं का समय पर समाधान किया जाए तो ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है, उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र की सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नव निर्वाचित प्रतिनिधि अपनी पंचायतों को विकास और जनसेवा का आदर्श मॉडल बनाने में सफल होंगे, इस कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए। यही जनसेवा की सच्ची भावना है और इसी से जनता का विश्वास मजबूत होता है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत मोम्नियार के प्रधान रमेश चंद, उपप्रधान सुरेश कुमार चेतु, बीडीसी सदस्य विवेक कुमार, ममता देवी तथा ग्राम पंचायत वॉल की प्रधान रेखा देवी सहित अनेक पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और अनुभव से पंचायतों के विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी। वहीं पंचायत वॉल की प्रधान रेखा देवी ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का धन्यवाद किया तथा पंचायत के विकास में सहयोग देने का आग्रह किया।
अभिनंदन समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां ग्रामीण विकास, जनसहभागिता और पंचायतों की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति ने पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति जनता के विश्वास और उत्साह को भी दर्शाया।

RELATED ARTICLES

Most Popular