जागो! ऊना ,ब्यूरो रिपोर्ट

सहारा हेल्प संगठन द्वारा रविवार को नेशनल हाईवे स्थित धुसाड़ा में वार्षिक भंडारे एवं शबील का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस सेवा कार्य में हजारों राहगीरों एवं स्थानीय लोगों ने लंगर का प्रसाद ग्रहण किया तथा शीतल जल पीकर भीषण गर्मी से राहत प्राप्त की।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष अनूप कुमार ने बताया कि सहारा हेल्प संगठन पिछले छह वर्षों से जरूरतमंद, गरीब एवं गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों की सहायता के साथ-साथ जरूरतमंद बच्चों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था समाज सेवा के क्षेत्र में पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करती है तथा इसके कार्यों का नियमित ऑडिट भी करवाया जाता है।

अनूप कुमार ने समाज सेवा में रुचि रखने वाले लोगों से संस्था के साथ जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग इस अभियान का हिस्सा बनें, ताकि जरूरतमंद एवं असहाय लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग और सेवा भावना से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई। आयोजन को स्थानीय लोगों का भी भरपूर सहयोग एवं सराहना प्राप्त हुई।

