
ऊना
उप तहसील जोल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अम्बेहड़ा में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की आम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधानाचार्य गुरदियाल सिंह ने की, जबकि ग्राम पंचायत अम्बेहड़ा के प्रधान सतीश कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें बलवान सिंह को समिति का अध्यक्ष तथा अविनाश को उपाध्यक्ष चुना गया।
प्रधानाचार्य गुरदियाल सिंह ने नवगठित समिति के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि सभी सदस्य विद्यालय के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने अभिभावकों एवं समिति के सदस्यों से विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की पूर्व कार्यकारिणी को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

