जागो ! कुटलैहड़ ब्यूरो रिपोर्ट

जनता की समस्याओं का घर-द्वार समाधान हमारी प्राथमिकता रही, विवेक शर्मा
बंगाणा,कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि अपने दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान उन्होंने केवल घोषणाएं नहीं बल्कि धरातल पर कार्य करके कुटलैहड़ विधान सभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और राज्य सरकार के समर्थन से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है तथा हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य राजनीति नहीं बल्कि जनसेवा है और इसी सोच के साथ उन्होंने क्षेत्र के गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान करवाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया गया है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की छोटी से छोटी समस्या को भी प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने का प्रयास किया गया और जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा।
जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता और आपदा प्रभावितों को राहत,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों जरूरत मंद परिवारों को लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि यह सहायता बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों के इलाज एवं दवाइयों तथा गरीब परिवारों की कन्याओं की शादियों के लिए उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की सहायता करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है और आगे भी जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याण कारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ मिलकर लगातार कार्य किया गया। विधायक विवेक शर्मा ने आपदा के समय किए गए राहत कार्यों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लगभग 600 परिवारों को पक्के मकान बनाने के लिए पांच करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने कहा कि आपदा के कठिन समय में सरकार और प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के साथ खड़े होकर राहत पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपना आशियाना खो दिया था, उन्हें दोबारा सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए हर संभव सहायता दी गई और भविष्य में भी किसी जरूरतमंद परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
पेयजल, सड़क और बिजली व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष फोकस,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के अंतर्गत आधार भूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 15 करोड़ रुपये की पेयजल योजनाओं पर कार्य किया गया ताकि लोगों को बेहतर जल सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगभग 74 करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क परियोजनाएं स्वीकृत करवाई गईं, जबकि लिंक सड़कों और ग्रामीण रास्तों के लिए लगभग 9 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इससे गांवों की कनेक्टिविटी को और मजबूत होगी ।और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही कम वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए भी बड़े स्तर पर कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से बड़े ट्रांसफार्मर लगाए गए, जिससे बिजली व्यवस्था में सुधार हुआ है और लोगों को राहत मिली है।उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये खे मैदानों के विकास पर खर्च किए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें। उनका कहना था कि युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता है और इससे नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
सिविल अस्पताल बंगाणा को आदर्श अस्पताल बनाने के लिए हर सुविधा करवाई उपलब्ध,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल बंगाणा को आदर्श अस्पताल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं और यहां विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ रहा और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी शहरों जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ लोगों की व्यक्तिगत समस्याओं का भी घर-द्वार समाधान करवाया गया है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद और राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विशेष सहयोग से कुटलैहड़ विधान सभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कुटलैहड़ की जनता पर विशेष आशीर्वाद है और इसी कारण सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ क्षेत्र के लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास के लिए पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।
