Tuesday, April 14, 2026
HomeRajnitiशशि सैनी व संजीव कुमार की अगुवाई में सौंपा ज्ञापन

शशि सैनी व संजीव कुमार की अगुवाई में सौंपा ज्ञापन

चुनावी ड्यूटी में शिक्षकों को मिले पूरी सुविधाएं, प्रवक्ता संघ ने उठाई जोरदार मांग, 13 अप्रैल को मांगी लोकल हॉलिडे

दौलतपुर चौक-संजीव डोगरा

हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ, जिला ऊना ने एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर के माध्यम से उपायुक्त ऊना को ज्ञापन सौंपकर चुनाव ड्यूटी के दौरान शिक्षकों को समुचित सुविधाएं प्रदान करने की मांग उठाई, साथ ही वैसाखी के पावन त्यौहार के दृष्टिगत 13 अप्रैल को जिला ऊना के स्कूलों में लोकल हॉलिडे घोषित करने की मांग भी रखी। उक्त ज्ञापन एचपीएसएलए के जिला अध्यक्ष शशि सैनी एवं महासचिव संजीव कुमार की अगुवाई में सौंपा गया। इस अवसर पर सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राम कुमार, लेक्चरर सेक्रेटरी (हेडक्वार्टर) संदीप सैनी, हरोली ब्लॉक वाइस प्रेसिडेंट राजीव कुमार, गुरमीत कुमार व अजय कुमार भी उपस्थित रहे।संघ पदाधिकारियों शशि सैनी एवम संजीव कुमार ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और शिक्षक वर्ग हमेशा पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाता आया है, लेकिन इसके लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि जिन भी प्रवक्ताओं और अध्यापकों को चुनाव ड्यूटी पर लगाया जाएगा, उन्हें परिवहन, भोजन, ठहरने और सुरक्षा जैसी सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इनसेट बॉक्स
पिछले चुनावों की परेशानियां दोहराईं
प्रवक्ता संघ ने ज्ञापन में गत लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनावों के दौरान शिक्षकों को आई दिक्कतों का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर ड्यूटी के बाद शिक्षकों के लिए परिवहन की व्यवस्था नहीं थी, जिससे उन्हें देर रात तक इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा, भोजन और ठहरने की उचित व्यवस्था के अभाव में भी कुछ शिक्षकों को परेशानियों से गुजरना पड़ा था।
संघ ने प्रशासन को अवगत करवाया कि देर रात चुनाव सामग्री जमा करवाने के बाद भी कर्मचारियों के सुरक्षित वापसी के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई थी, जिससे मानसिक और शारीरिक तनाव बढ़ा।
इनसेट बॉक्स
समय रहते व्यवस्था करने की मांग
हिप्र स्कूल प्रवक्ता संघ ऊना ने प्रशासन से आग्रह किया है कि आगामी पंचायत चुनावों से पहले ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि शिक्षकों को सम्मानजनक और सुरक्षित माहौल में अपनी ड्यूटी निभाने का अवसर मिल सके।
संघ के अध्यक्ष शशि सैनी ने बताया कि ए डी सी महेंद्र पाल गुर्जर ने उनकी समस्याओ को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया है कि प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे भविष्य में चुनाव ड्यूटी के दौरान शिक्षकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

RELATED ARTICLES

Most Popular