ऊना-शिवानी ठाकुर

भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र राणा ने हरोली उत्सव के लिए सहकारिता विभाग की सोसायटियों से पैसा वसूली का आरोप लगाया है । ऊना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने अपने आरोपों के प्रमाण के रूप में मीडिया को पैसा वसूली की एक लिस्ट दी , जिसमें गगरेट ब्लॉक की 34 कोऑपरेटिव सोसायटियों से एक लाख रुपए की राशि का विवरण दिया गया है । जिसमें किसी सोसायटी द्वारा 3500 , तो किसी से 2500 रुपए दिए जाने का विवरण स्पष्ट लिखा गया है । इस लिस्ट के अंत में कांगड़ा बैंक की दौलतपुर शाखा की मोहर लगी हुई है और उसके साथ ही एक लाख रुपए एसडीएम कम चेयरमैन राज्य स्तरीय हरोली उत्सव के नाम पर प्राप्त होना लिखा गया है । इसमें यह पैसा खाता नंबर 50060882749 में जमा किया गया दर्शाया गया है । धर्मेंद्र राणा ने बैंक रसीद के रूप में एक दस्तावेज और दिखाया जिसमें एसडीएम कम चेयरमैन हरोली उत्सव के नाम पर कांगड़ा बैंक के उसी खाता नंबर 50060882749 में एक लाख रुपए जमा करवाया गया है । उन्होंने कहा कि यह केवल गगरेट ब्लॉक के प्रमाण हैं । भाजपा नेता ने कहा कि सहकारिता विभाग उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अंतर्गत आता है और उनके साए तले ऐसा जनविरोधी कार्य किया जा रहा है । उन्होंने इस पैसे को आम जनमानस किसान तबके का पैसा बताया जो ग्रामीण क्षेत्रों में खुली इन कॉपरेटिव सोसायटियों में अपनी गाढ़ी कमाई का पैसा जमा करवाता है , इसलिए कांग्रेस सरकार यह पैसा वापिस करे । भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ने सरकार द्वारा पैसा वापिस नहीं किए जाने की स्थिति में जन आंदोलन चलाने की बात कही । बहरहाल इस विषय के सामने के बाद विपक्ष कांग्रेस सरकार पर हमलावर हो चला है , अब देखना होगा कि सरकार इस पर क्या उत्तर देती है ।


