दैनिक जागो वर्ल्ड !आगरा

आगरा के जैतपुर में लोक निर्माण विभाग की सड़क पर गड्ढे के कारण एंबुलेंस दो घंटे फंसी रही, जिससे अस्पताल पहुंचने में देरी हुई और एक नवजात की मौत हो गई। ग्रामीणों ने नवजात की मौत के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है। लोक निर्माण विभाग की सड़क के गड्ढे ने नवजात की जान ले ली। बाह के मुकुंदपुर-गढ़वार गांव के बीच में हुए गहरे गड्ढे में दो घंटे तक एंबुलेंस फंसी रही। वहां से निकलने के बाद एंबुलेंस से स्वजन प्रसूता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।इसके बाद पैदा हुए नवजात की सांसें थम गईं।

ग्रामीणों ने नवजात की मौत के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस बाह में इसकी लिखित शिकायत की है।लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोशबाह के मुकुंदपुर- गढ़वार रोड पर मुकुंदपुरा गांव के पास वर्षा के कारण सड़क पर गहरा गड्ढा हो गया है। इस गड्ढे में आए दिन वाहन फंस रहे थे। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मुकुंदपुरा निवासी भानुप्रताप सिंह ने बताया कि दो सितंबर की रात में उनके चचेरे भाई प्रवीन की पत्नी को प्रसव पीड़ा हो रही थी। रात एक बजे काल करके सरकारी एंबुलेंस मंगाई गई थी।
