दैनिक जागो वर्ल्ड !

आईआईटी रुड़की से पीएचडी के बाद डॉ. अनिल कुमार आईसीएमआर पुणे में रिसर्च साइंटिस्ट नियुक्त
आईआईटी रुड़की से पीएचडी के बाद डॉ. अनिल कुमार आईसीएमआर पुणे में रिसर्च साइंटिस्ट नियुक्त
बंगाणा, जोगिंद्र देव आर्य। उपमंडल बंगाणा के गांव हथलौन निवासी डॉ. अनिल कुमार ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। डॉ. अनिल कुमार ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के बायोसाइंसेज एंड बायोइंजीनियरिंग विभाग से बायोटेक्नोलॉजी में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। इसके बाद उनका चयन भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद , पुणे, महाराष्ट्र में रिसर्च साइंटिस्ट के पद पर हुआ है।
डॉ. अनिल कुमार आईसीएमआर पुणे में बायोइन्फॉर्मेटिक्स के क्षेत्र में उन्नत अनुसंधान से जुड़े कार्य करेंगे। बायोइन्फॉर्मेटिक्स आधुनिक विज्ञान का महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जिसमें जैविक विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान और डाटा विश्लेषण का उपयोग करते हुए जटिल जैविक सूचनाओं का अध्ययन किया जाता है। चिकित्सा अनुसंधान, रोगों की पहचान, दवाओं के विकास और जैविक डाटा के विश्लेषण में इस क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है।

डॉ. अनिल कुमार की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव हथलौन सहित पूरे बंगाणा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि सीमित ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी रुड़की से उच्च शिक्षा प्राप्त करना और इसके बाद आईसीएमआर जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थान में वैज्ञानिक के रूप में कार्य करना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है।
डॉ. अनिल कुमार के पिता भारतीय सेना से जूनियर कमीशंड ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने अपने बेटे की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि बेटे ने उच्च शिक्षा के दौरान पूरी मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाए और आज वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में जिम्मेदारी संभालने का अवसर प्राप्त किया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पण की है। डॉ. अनिल कुमार की सफलता से अन्य विद्यार्थियों और युवाओं को भी उच्च शिक्षा तथा अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
स्थानीय लोगों और डॉ. अनिल कुमार के शुभचिंतकों ने उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों ने उम्मीद जताई कि डॉ. अनिल कुमार वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर अपने परिवार, गांव, बंगाणा और हिमाचल प्रदेश का नाम देशभर में रोशन करेंगे
