बंगाणा-जोगिंदर देव आर्य

उपमंडल बंगाणा के देवराज मेमोरियल खेल मैदान लखरूह गांव स्थित वॉलीबॉल परिसर में आयोजित साई अस्मिता खेलो इंडिया एम्पावरिंग वीमेन वॉलीबॉल सिटी लीग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में लाठियानी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोटला कलां टीम को कड़े मुकाबले में 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। हिमाचल बॉलीबॉल एसोशिएशन के महासचिव मदन राणा एवं जिला ऊना बॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष कुटलैहड़ सेवा संगठन के संयोजक एवं वीडीसी सदस्य राजेंद्र ठाकुर उर्फ रिंकू ने बताया कि इस प्रतियोगिता में महिलाओं की 14 टीमों ने भाग लिया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहा। लाठियानी टीम ने पहले सेट में आक्रामक खेल दिखाते हुए 25-19 से जीत दर्ज की। दूसरे सेट में भी टीम ने अपनी लय बरकरार रखते हुए 25-18 से बढ़त बनाई। हालांकि तीसरे सेट में कोटला कलां टीम ने जोरदार वापसी करते हुए 23-25 से सेट अपने नाम किया और मुकाबले को रोचक बना दिया। इसके बाद चौथे सेट में लाठियानी टीम ने संयम और शानदार तालमेल का प्रदर्शन करते हुए 25-20 से जीत हासिल कर मैच अपने पक्ष में कर लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना और वॉलीबॉल खेल में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया था और न ही आयु की कोई सीमा निर्धारित की गई थी, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को खेल से जुड़ने का अवसर मिला।सभी प्रतिभागियों को भागीदारी प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल कोच एवं अंतर्राष्ट्रीय मोरमा सूबेदार मेजर अनिल कुमार बाबोरिया की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में भी काफी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए उपस्थित रहे। मैच के दौरान दर्शकों की तालियों और जयकारों से पूरा वॉलीबॉल परिसर गूंजता रहा। मदन राणा एवं राजेंद्र रिंकू ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी किए जाते रहेंगे, ताकि क्षेत्र की अधिक से अधिक महिलाएं खेलों से जुड़ सकें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस प्रतियोगिता ने न केवल महिलाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया, बल्कि समाज में महिला सशक्ति करण का एक मजबूत संदेश भी दिया। खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों के सहयोग से यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस मौके पर सूबेदार अनिल कुमार बिक्की रघुबीर सिंह पवन कुमार सीलू उस्ताद आदि मौजूद रहे।

