ऊना-शिवानी ठाकुर

राजकीय प्राथमिक पाठशाला अजौली की मुख्य शिक्षिका संदेश कुमारी के सेवानिवृत्त होने पर प्राथमिक शिक्षक परिवार द्वारा एक सादगीपूर्ण एवं गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने उनके लंबे सेवाकाल, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कांता देवी ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने कहा कि संदेश कुमारी ने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की, बल्कि सहकर्मियों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनी रहीं। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
इस मौके पर राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला महासचिव महेश शारदा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह, खंड ऊना के अध्यक्ष कपिल शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार, सुखवर्षा, चारु शर्मा, मंजीत कौर, अमिता, निधिता अग्निहोत्री, अविनाश कुमारी सहित अनेक शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए। सभी ने उनके सरल स्वभाव, समर्पण और नेतृत्व क्षमता की सराहना की।
समारोह के दौरान शिक्षकों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे, जिनमें उनके पति सूबेदार मेजर (सेनि)किशन जसवाल, बेटी डॉ. शालिनी जसवाल, बेटा साहिल जसवाल, सूबेदार मेजर (सेनि)रण बहादुर सिंह, रमा कंवर, अभिषेक ठाकुर, टीना ठाकुर, दीपक राणा, जतिंदर राणा, दिव्य प्रकाश राणा सहित अन्य परिजन शामिल रहे।

