Tuesday, April 14, 2026
HomeRajnitiअटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का...

अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन।

बंगाणा-जोगिंदर देव आर्य

कांगड़ा आपदा दिवस (4 अप्रैल) के संदर्भ में अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता संवर्धन हेतु एक प्रभावी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 4 अप्रैल 1905 को आए विनाशकारी कांगड़ा भूकंप को भी स्मरण किया गया, जिसने हिमाचल प्रदेश एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जन-धन की हानि की थी। इस ऐतिहासिक प्राकृतिक आपदा से सीख लेते हुए आपदा के प्रति सजग एवं तैयार रहने का संदेश विद्यार्थियों को दिया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर रेखा शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय आपदा प्रबंधन समिति के संयोजक प्रोफेसर सिकंदर नेगी द्वारा की गई। कार्यक्रम के दौरान फायर स्टेशन बंगाणा के प्रभारी वीरेंद्र कुमार तथा गृह रक्षक दल (होम गार्ड) के कंपनी कमांडर हंस राज ने विद्यार्थियों को आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, बचाव तकनीकों एवं आवश्यक सावधानियों के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के समय सुरक्षित निकासी (निर्गमन), प्राथमिक उपचार तथा बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे उनमें आपदा की स्थिति में त्वरित एवं उचित निर्णय लेने की क्षमता का विकास हो सके।
इस अवसर पर महाविद्यालय की उप-प्राचार्या अनु अत्रि, डॉ. कुलदीप सिंह, प्राध्यापिका मुकेश कुमारी सहित अग्निशमन विभाग एवं गृह रक्षक दल की समस्त टीम उपस्थित रही।
महाविद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार के कार्यक्रमों को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के सतत आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular