दैनिक जागो वर्ल्ड! ऊना/हरोली , ब्यूरो रिपोर्ट

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद Anurag Singh Thakur के मार्गदर्शन तथा प्रयास सोसाइटी के सहयोग से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा एवं स्वस्थ खंड हरोली के संयुक्त तत्वावधान में नगर परिषद टाहलीवाल में विशेष निक्षय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान कुल 150 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 134 लैब जांचें एवं एक्स-रे सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई गईं। इसके अतिरिक्त मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयां एवं स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित लोगों को टीबी के लक्षणों, समय पर जांच, नियमित उपचार, सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं तथा रोग से बचाव के उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही लोगों से टीबी के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य जांच करवाने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार, सीएचओ मनीषा, गुलशन कुमार, निहाल सिंह, मनीष, आशा वर्कर्स एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में पूर्व पार्षद राजकुमार मल्ली, पार्षद निरंजना कुमारी, अजय सहगल, अरुण कुमार, कृष्ण राणा, राजीव राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। सभी ने स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
स्थानीय लोगों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा एवं स्वस्थ खंड हरोली द्वारा गांव-गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचकर दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से आमजन, विशेषकर बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने इस प्रकार के शिविरों को जनहित में अत्यंत उपयोगी बताया।
शिविर के समापन पर स्वास्थ्य टीम ने लोगों से “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संकल्प को साकार करने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

