दैनिक जागो वर्ल्ड ! बंगाणा,कुटलैहड़ , ब्यूरो रिपोर्ट

राज्य सरकार में व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य दिनेश खत्री ने सिविल अस्पताल बंगाणा को लगातार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने पर मिले कायाकल्प अवार्ड का श्रेय कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा को दिया है। उन्होंने कहा कि विधायक विवेक शर्मा के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और दो वर्षों के अथक प्रयासों के चलते आज सिविल अस्पताल बंगाणा ने पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। दिनेश खत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में विधायक विवेक शर्मा ने स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया। अस्पताल में चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों की व्यवस्था को बेहतर बनाया गया, जिसके कारण मरीजों को समय पर उपचार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले क्षेत्र के लोगों को छोटी-छोटी जांच और उपचार के लिए भी अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब बंगाणा अस्पताल में कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों को राहत मिली है।

उन्होंने कहा कि विधायक विवेक शर्मा के प्रयासों से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू हुई, जिससे विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और गरीब परिवारों को लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही सस्ती दवाइयों की दुकान खोले जाने से मरीजों को कम खर्च में दवाइयां उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है और मरीजों को बेहतर वातावरण देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दिनेश खत्री ने कहा कि अस्पताल में 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में भी विशेष कार्य हुआ है। आपात कालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके, इसके लिए अस्पताल प्रशासन को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि विधायक विवेक शर्मा केवल घोषणाएं करने में विश्वास नहीं रखते, बल्कि धरातल पर विकास कार्य करवाने में विश्वास रखते हैं।

उन्होंने कहा, “जो कम बोलते हैं उनका काम बोलता है।” विधायक विवेक शर्मा ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में ऐसे कार्य करके दिखाए हैं जो वर्षों से केवल फाइलों तक सीमित थे। आज क्षेत्र की जनता स्वयं विकास कार्यों को देख रही है और स्वास्थ्य सुविधाओं में आए बदलाव को महसूस कर रही है। दिनेश खत्री ने कहा कि विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी है। सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं। विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं में जो परिवर्तन देखने को मिला है, वह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल बंगाणा को लगातार बेहतर सेवाओं के लिए मिले अवार्ड इस बात का प्रमाण हैं कि अस्पताल में सुधार केवल कागजों तक सीमित नहीं बल्कि धरातल पर दिखाई दे रहा है।उन्होंने कहा कि विधायक के दो वर्षों के कार्यकाल पर उंगली उठाने वालों को अब जनता खुद जवाब दे रही है। सिविल अस्पताल बंगाणा को लगातार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मिले सम्मान उन लोगों के मुंह पर करारा तमाचा हैं जो विकास कार्यों पर सवाल उठाते रहे हैं,उन्होंने कहा कि जनता विकास देख रही है और आने वाले समय में भी विधायक विवेक शर्मा के नेतृत्व में कुटलैहड़ क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छुएगा। दिनेश खत्री ने अस्पताल प्रशासन, चिकित्सकों और कर्मचारियों की भी सराहना करते हुए कहा कि सभी ने मिलकर अस्पताल को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि विधायक विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में अस्पताल में और भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास जारी हैं। आने वाले समय में ऑपरेशन थियेटर, ओपीडी सेवाओं के विस्तार तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोगों को अपने घर के नजदीक ही बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल बंगाणा को मिला कायाकल्प अवार्ड केवल एक सम्मान नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता के विश्वास, अस्पताल प्रशासन की मेहनत और विधायक विवेक शर्मा की विकासशील सोच का परिणाम है। यह उपलब्धि आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।
