अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया बढ़-चढ़कर भाग
दैनिक जागो वर्ल्ड ! दौलतपुर चौक (संजीव डोगरा)

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे व्यापक योग जागरूकता अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर घनारी द्वारा तहसील कार्यालय घनारी परिसर में योग शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में तहसील कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षक अरुण कुमार ने प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा इनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षक अरुण कुमार ने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी

जीवनशैली, तनाव तथा अनियमित दिनचर्या के कारण अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। ऐसे में योग सबसे प्रभावी, सरल एवं प्राकृतिक समाधान है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनता है, वहीं मानसिक शांति, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होती है।
शिविर के दौरान “स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ राष्ट्र” के संकल्प को दोहराते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार प्रवीण कुमार सहित तहसील कार्यालय घनारी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

