दैनिक जागो वर्ल्ड ! अंब अविनाश चौहान

सिविल हॉस्पिटल अंब में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ नगर पंचायत अंब की अध्यक्ष अनुसुइया रानी द्वारा बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर किया गया। इस अवसर पर सिविल हॉस्पिटल अंब पहुंचने पर स्वास्थ्य खंड अधिकारी डॉ. राहुल कतना ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति रही। इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अनुसुइया रानी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक का यह कर्तव्य है कि वह अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को सफल बनाने में आम जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

स्वास्थ्य खंड अधिकारी डॉ. राहुल कतना ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र में विशेष बूथ स्थापित किए गए हैं तथा घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रह जाए। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और इस जनहित अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने यह संदेश भी दिया कि नियमित टीकाकरण के साथ-साथ पल्स पोलियो अभियान में भागीदारी बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव राघव राणा विशेष रूप से मौजूद रहे

