Sunday, July 12, 2026
HomeRajnitiअम्ब-गगरेट के सहकारी प्रतिनिधियों ने अंतरराष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह सम्मेलन में लिया भाग

अम्ब-गगरेट के सहकारी प्रतिनिधियों ने अंतरराष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह सम्मेलन में लिया भाग

भंजाल ,ऊना

अंतरराष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह के अवसर पर, जो 29 जून से 7 जुलाई तक पूरे देश में मनाया जा रहा है, अम्ब एवं गगरेट उपमंडल की विभिन्न सहकारी सभाओं के प्रतिनिधियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस वर्ष का आयोजन केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के गठन के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जिसका विषय “सहकारी से समृद्धि” रखा गया है।

सम्मेलन में ऊना जिला सहकारी विकास संघ के अध्यक्ष एवं ऊनकोफैड के चेयरमैन राजेंद्र शर्मा, सहकारिता विभाग के जिला निरीक्षक कुशल कुमार, निरीक्षक अश्विनी कुमार, अशोक कुमार, नरेंद्र सिंह, विपिन कुमार तथा कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के सहायक प्रबंधक गुलशन कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए ऊनकोफैड के चेयरमैन राजेंद्र शर्मा ने केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहकारी सभाओं को मॉडल सर्विस सेंटर के रूप में विकसित कर ग्रामीण जनता को अधिकाधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं से जुड़े लोगों तथा आम जनता को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा इनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

जिला की सहकारी सभाओं के कम्प्यूटरीकरण के मास्टर ट्रेनर एवं निरीक्षक अश्विनी कुमार ने नई ऑनलाइन सॉफ्टवेयर प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहकारी सभाओं के सभी वित्तीय लेनदेन अब ऑनलाइन दर्ज होंगे, जिनकी निगरानी सहकारिता विभाग द्वारा की जाएगी। साथ ही वार्षिक ऑडिट भी ऑनलाइन माध्यम से होगा। इस नई व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए सहकारी सभाओं के सचिवों को विभाग द्वारा नियमित प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

उन्नति मल्टी स्टेट प्रोसेसिंग सहकारी सभा, तलवाड़ा (हिमाचल प्रदेश) के प्रतिनिधि विनय कालिया ने सभा द्वारा संचालित प्रसंस्करण, भंडारण एवं खाद्यान्न विपणन गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह सहकारी संस्था राष्ट्रीय स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण, विपणन और भंडारण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने ऊना जिले की सहकारी सभाओं से भी इस संस्था के साथ जुड़कर लाभ उठाने का आह्वान किया।

सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए जिला निरीक्षक सहकारी सभाएं, ऊना ने कहा कि सभी सहकारी सभाएं केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से अपनाकर आम लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के अंत में संजाल सहकारी सभा के प्रधान युद्धवीर सिंह ने सम्मेलन में भाग लेने वाले सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए विशेष रूप से परथीपुर सहकारी सभा के सचिव राजेंद्र कुमार के योगदान की सराहना की।

RELATED ARTICLES

Most Popular