लोक निर्माण विभाग को तत्काल सफाई के निर्देश, कहा मानसून में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी,

बंगाणा
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में मानसून की दस्तक के साथ ही संभावित जलभराव और बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए विधायक विवेक शर्मा ने सक्रियता दिखाते हुए गुरुवार को ग्राम पंचायत कोटला कला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न नालों, पुलियों और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों और पुलियों में गंदगी, झाड़ियां और मलबा जमा होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। विधायक विवेक शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मानसून शुरू हो चुका है और ऐसे समय में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखना विभागों की पहली जिम्मेदारी है। यदि समय रहते नालों और पुलियों की सफाई नहीं की गई तो बारिश के दौरान लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवादी के साथ नालों की तत्काल सफाई अभियान चलाने के दिए निर्देश,
विधायक विवेक शर्मा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर नालों और पुलियों में गंदगी, झाड़ियां अथवा मलबा जमा है, वहां तुरंत सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि आबादी वाले क्षेत्रों के समीप स्थित सभी नालों की प्राथमिकता के आधार पर सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि बरसात के दौरान पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रहने से काम नहीं चलेगा। सभी अधिकारी और कर्मचारी जमीनी स्तर पर उतरकर कार्य करें तथा नियमित रूप से क्षेत्रों का निरीक्षण करें। जहां भी जल निकासी में बाधा दिखाई दे, वहां बिना देरी किए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

विधायक विवेक शर्मा ने ग्राम पंचायत कोटला की जनता की सुनी समस्याएं,
अपने दौरे के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने कई स्थानों पर नालों की सफाई, पुलियों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को लेकर अपनी परेशानियां विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के आदेश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा सुविधा सरकार की प्राथमिकता है तथा मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं जल निकासी से जुड़ी समस्या दिखाई दे तो तुरंत प्रशासन और संबंधित विभाग को सूचित करें।
मानसून के दौरान पूरी तरह मुस्तैद रहें विभाग,जनता की समस्याएं करें हल,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि बारिश के मौसम में छोटी-सी लापरवाही भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है। इसलिए लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों की सूची तैयार कर नियमित निगरानी रखी जाए, जहां भी आवश्यकता हो, वहां तुरंत अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में देरी नहीं होनी चाहिए। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
विवेक शर्मा बोले, लापरवाही मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
विधायक विवेक शर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी क्षेत्र से सफाई न होने या विभागीय उदासीनता की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमा नुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में जाकर कार्यों की निगरानी करें और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें।

जनहित सर्वोपरि, हरसंभव सुरक्षा के किए जाएंगे इंतजाम,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि बरसात के मौसम में लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नालों, पुलियों और सड़कों की समय पर सफाई से जलभराव और संभावित नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में जहां-जहां आवश्यकता होगी, वहां आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे और विभागों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन, विभागों और स्थानीय लोगों के सहयोग से मानसून के दौरान उत्पन्न होने वाली चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जाएगा तथा क्षेत्र के लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से भी स्वच्छता बनाए रखने और नालों में कूड़ा-कचरा न डालने की अपील की, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और बरसात के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

