मेहतपुर,ऊना

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, सेवाकेंद्र मेहतपुर द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं नैतिक मूल्यों के संवर्धन के उद्देश्य से एक दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 30 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर सेवा केन्द्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी बबिता बहन ने बच्चों को रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व, आत्म-पहचान, सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार तथा नैतिक मूल्यों के बारे में सरल एवं प्रेरणादायक ढंग से जानकारी दी। बच्चों को पढ़ाई में एकाग्रता, अनुशासन तथा श्रेष्ठ चरित्र निर्माण के लिए भी प्रेरित किया गया।
ब्रह्माकुमार अवधेश ने बच्चों को ध्यान योग से एकाग्रता पर पढ़ाई में कैसे लाभ मिल सकता है इसके बारे में बच्चों को बताया। उन्होंने बताया कि बच्चे पढ़ाई में एकाग्रता और अनुशासन से कैसे अपना दिनचर्या का प्रोग्राम बनाकर आगे बढ़ सकते हैं और आज के प्रतिस्पर्धा युग में किस प्रकार आगे बढ़कर अपनी बेहतर योग्यता को साबित कर सकते हैं
शिविर के दौरान ब्रह्माकुमारी बलविंदर कौर ने बच्चों के लिए विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जिनमें सभी बच्चों ने पूरे उत्साह से भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, सहयोग की भावना तथा रचनात्मकता का विकास करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को प्रसाद वितरित किया गया तथा उन्हें सदैव श्रेष्ठ संस्कार अपनाकर अपने परिवार, समाज एवं राष्ट्र का आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा दी गई।

