दैनिक जागो वर्ल्ड ! दौलतपुर चौक

गगरेट क्षेत्र की शिवपुर ग्राम पंचायत के निवासी एवं भारतीय सेना के जवान दिलावर सिंह ने पोखरा (नेपाल) में आयोजित इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता में श्रीलंका, भूटान, भारत, नेपाल और बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए दिलावर सिंह ने 70 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

वीरवार को अपने गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर और गर्मजोशी से उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर गांववासियों ने उनकी उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि दिलावर सिंह की सफलता से क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी और वे भी देश का नाम रोशन करने के लिए आगे आएंगे।

इस मौके पर दिलावर सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों के प्रति रुचि विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर हर युवा अपने प्रदेश और देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन कर सकता है।
