दैनिक जागो वर्ल्ड ऊना

बंगाणा, जोगिंद्र देव आर्य। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बल्ह खालसा में वन महोत्सव का शुभारंभ विधायक विवेक शर्मा ने पौधारोपण करके किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी है।
विधायक ने राजीव गांधी वन संवर्धन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों को पौधारोपण और उनके पालन-पोषण के लिए सालाना एक लाख रुपये उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। उन्होंने जंगलों में आग और अवैध कटान पर चिंता जताते हुए वन विभाग से गश्त बढ़ाने तथा सख्त कार्रवाई का आग्रह किया।
उन्होंने मलकीयत भूमि में खैर कटान के दौरान जड़ों को होने वाले नुकसान को रोकने और सड़कों के किनारे फलदार पौधे लगाने पर भी जोर दिया। साथ ही पंचायतों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों और युवक मंडलों को जोड़कर पौधारोपण अभियान चलाने तथा पौधों के संरक्षण के लिए पंचायत स्तर पर कमेटियां बनाने का सुझाव दिया।
इस अवसर पर एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, तहसीलदार बंगाणा अमित कुमार शर्मा, खंड विकास अधिकारी केएल वर्मा, एक्सईएन जल शक्ति हरभजन सिंह, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग दूनी चंद ठाकुर, एसडीओ सुरेश शर्मा, रेंज ऑफिसर रामगढ़ धार संदीप कुमार, रेंज ऑफिसर अंकुश आनंद, पार्टी महासचिव इकबाल सोनी, प्रधान रमेश बंगा, पूर्व अध्यक्ष राम आसरा शर्मा के अलावा पंचायत प्रधान, उपप्रधान एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
