दैनिक जागो वर्ल्ड!दौलतपुर

मेजर ध्यानचंद जयंती पर दौलतपुर कॉलेज में खेलों की धूम
दौलतपुर चौक, 29 अगस्त। (संजीव डोगरा)
राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में शनिवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार रायत ने की, जबकि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के आरंभ में मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों को उनके जीवन, संघर्ष और खेल उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए वॉलीबॉल,चैस, कबड्डी, दौड़ सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया गयाखेल जीवन का अभिन्न हिस्सा : डॉ. सुनील कुमार रायत
शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार रायत ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे किसी न किसी खेल गतिविधि में नियमित रूप से भाग लें तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
खेलों से व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास : डॉ. अजय कुमार शर्मा
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल के मैदान से विद्यार्थियों में मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और लक्ष्य प्राप्त करने की भावना पैदा होती है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों एवं अन्य गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेकर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
