दैनिक जागो वर्ल्ड!गोरखपुर

कौशांबी में हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद गोरखपुर में पटाखा दुकानों और गोदामों की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस ने सोमवार को 20 से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जिसमें लाइसेंस, स्टॉक और सुरक्षा मानकों की जांच की गई, हालांकि कोई बड़ी अनियमितता नहीं मिली।कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद जिले में पटाखों की दुकानों और गोदामों की जांच तेज कर दी गई है। सोमवार को पुलिस ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में करीब 20 दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की। पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर पटाखा बिक्री के लाइसेंस, अन्य जरूरी अभिलेख और उपलब्ध स्टाक का सत्यापन किया। साथ ही अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा इंतजाम भी देखे गए। सोमवार के अभियान में कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिली।गीडा थाना पुलिस ने हरैया में रिजवान अहमद और इसरार अहमद की पटाखा दुकानों की जांच की। बाघागाड़ा के बरडाड रोड स्थित दुर्गा फायर वर्क्स में संचालक दिलीप निषाद से लाइसेंस और दूसरे अभिलेख देखें। दुकान में रखे पटाखों का स्टाक भी देखा। अभियान में यह भी जांचा गया कि पटाखों का भंडारण निर्धारित मानकों के अनुसार है या नहीं। अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और दुकान के आसपास आग से बचाव के इंतजाम भी देखे गए।

सहजनवा थाना क्षेत्र के भीटी रावत, रिठुआखोर और बरईपार में भी पटाखा दुकानों की जांच हुई। पुलिस ने विक्रेताओं को निर्धारित मात्रा में ही स्टाक रखने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी।बड़हलगंज में कोतवाली प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुकानों और गोदामों की जांच की। यहां भी लाइसेंस, स्टाक और अग्निशमन व्यवस्था देखी गई। दुकानदारों को सुरक्षित स्थान पर निर्धारित मानकों के अनुसार ही पटाखे रखने के निर्देश दिए गए।खोराबार,चौरी चौरा,चिलुआताल,पीपीगंज, पिपराइच पुलिस ने भी पटाखा की दुकानों पर पहुंचकर जांच की। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि सोमवार को पुलिस की जांच में किसी दुकान या गोदाम में गंभीर अनियमितता नहीं मिली। अब मंगलवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम पटाखा दुकानों के साथ भंडारण स्थलों और गोदामों की दोबारा जांच करेगी। जांच में लाइसेंस की वैधता, स्टाक की मात्रा और सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से सत्यापन किया जाएगा।
