दैनिक जागो वर्ल्ड!कानपुर

कानपुर में बीएसएफ हेड कांस्टेबल मिनिस्ट्रियल परीक्षा के दौरान पेपर लीक और तकनीकी खराबी के आरोपों के बाद अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। एडीएम वित्त एवं राजस्व ने एमडी इन्फोटेक सेंटर की परीक्षा रद्द करने की घोषणा की, पुलिस ने स्थिति संभाली।बीएसएफ हेड कांस्टेबल मिनिस्ट्रियल (एचसीएम) की परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने बुधवार को चकेरी के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा किया। अभ्यर्थियों ने परीक्षा में पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। आरोप है कि आनलाइन परीक्षा के दौरान कई कंप्यूटर सिस्टम हैंग हो गए। वहीं, माउस और कीबोर्ड भी काम नहीं कर रहे थे, जिससे उन्हें सवाल हल करने में परेशानी हुई। एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि इस सेंटर की परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया है।

परीक्षा के दौरान तकनीकी दिक्कतों के चलते अभ्यर्थियों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्र पर जुट गए और विरोध करने लगे। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में इस तरह की तकनीकी खामियां उनकी मेहनत पर असर डाल सकती हैं। इसी बीच पेपर लीक होने की चर्चा ने भी माहौल को और गरमा दिया।हंगामे की सूचना मिलते ही चकेरी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और आक्रोशित अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। काफी देर तक परीक्षा केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अभ्यर्थियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और तकनीकी खामियों के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि इस सेंटर की परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
