Wednesday, October 21, 2026
HomeHImachal NewsUnaSIR विवाद पर सुमीत शर्मा का कांग्रेस पर हमला, बोले- चुनाव आयोग...

SIR विवाद पर सुमीत शर्मा का कांग्रेस पर हमला, बोले- चुनाव आयोग पर सवाल उठाना कांग्रेस की पुरानी आदत

दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना

भाजपा के प्रदेश सचिव एवं शिमला के प्रभारी सुमीत शर्मा ने चुनाव आयोग पर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से कांग्रेस की यह आदत बन चुकी है कि जब वह चुनाव हारती है तो आयोग पर सवाल खड़े करती है और जब जीतती है तो पूरी तरह खामोश हो जाती है। सुमीत शर्मा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस SIR (मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया) को लेकर बेवजह हंगामा खड़ा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चाहती है कि घुसपैठियों को प्रमाणित नागरिक सिद्ध कर चुनावी लाभ लिया जाए, जबकि चुनाव आयोग नियमों के तहत अपात्रों और घुसपैठियों के नाम हटाने का कार्य कर रहा है। भाजपा नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एम. एस. गिल का उदाहरण देते

हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने उन्हें बाद में अपनी कैबिनेट में खेल मंत्री बनाया था, जिससे सवाल उठते हैं। इसके अलावा कांग्रेस ने न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को भी हमेशा चुनौती देने का प्रयास किया है। वहीं सुमीत शर्मा ने कहा कि मतभेद और असहमति हर जगह होती है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की राजनीति का हवाला देते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा कि स्वयं कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को लेकर एकराय नहीं है, फिर भी वे पद पर बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग में भी सामूहिक चर्चा के बाद ही निर्णय लिए जाते हैं। ​उन्होंने अंत में कहा कि कांग्रेस केवल भ्रम की स्थिति पैदा करके अपना राजनीतिक अस्तित्व तलाश रही है, लेकिन जनता सब समझती है और आने वाले चुनावों में कांग्रेस को फिर से हार का सामना करना पड़ेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular