दौलतपुर-संजीव डोगरा

जिला पार्षद एवं भाजपा नेता सुशील कालिया ने विधानसभा क्षेत्र गगरेट के डंगोह खास, बूथ नंबर-12 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ (एपिसोड-132) को साथियों के साथ सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार सदैव देशवासियों को राष्ट्र सेवा, जनकल्याण और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।सुशील कालिया ने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पड़ोस में पिछले एक माह से भीषण युद्ध चल रहा है, जिसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से खाड़ी देशों का आभार जताते हुए कहा कि वहां काम कर रहे एक करोड़ से अधिक भारतीयों को हर प्रकार की सहायता मिल रही है, जो भारत के मजबूत अंतरराष्ट्रीय संबंधों को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल को लेकर विश्वभर में बन रहे संकट का भी जिक्र किया और कहा कि भारत अपने वैश्विक संबंधों, विभिन्न देशों से मिल रहे सहयोग और पिछले एक दशक में विकसित हुई सामर्थ्य के बल पर इन चुनौतियों का मजबूती से सामना कर रहा है। साथ ही उन्होंने स्वच्छता, ‘वोकल फॉर लोकल’, महिला सशक्तिकरण और युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर भी विशेष बल दिया।
सुशील कालिया ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाकर देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को जोड़ने और प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है।इस अवसर पर भाजपा नेत्री एवम पूर्व जिला पार्षद कमलेश कुमारी, भगवान सिंह, लोकविंद्र सिंह, पाल चंद, राम प्रसाद, कृष्णा कुमारी, प्रवीण लता सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

