बंगाणा-जोगिंदर देव आर्य/विपिन साजन

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में किए गए प्रयास अब जमीन पर असर दिखाने लगे हैं। इसी क्रम में 7 अप्रैल को सिविल अस्पताल बंगाणा में 18 लाख रुपए की लागत से स्थापित अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन से क्षेत्रवासियों को सीधा लाभ मिलना शुरू हो गया है।
इस सुविधा के शुरू होने से अब मरीजों को बेहतर एवं त्वरित जांच सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं। पहले जहां लोगों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए ऊना या नंगल जाना पड़ता था, वहीं अब यह सुविधा बंगाणा अस्पताल में ही मिलने से समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
स्थानीय लोगों ने इस जनहितकारी पहल के लिए विधायक विवेक शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
कार्यकारी ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. अशोक दरोच ने जानकारी देते हुए बताया कि मशीन के शुरू होने के बाद से मरीजों को मुफ्त में जांच सुविधा का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी 37 मरीजों के सफलतापूर्वक अल्ट्रासाउंड किए गए, जिससे लोगों में इस सुविधा के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्रवासियों को हर संभव चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सके।


