ऊना में भाजपा का दो दिवसीय अभ्यास वर्ग शुरू, 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन
दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना ब्यूरो रिपोर्ट

जिला मुख्यालय ऊना स्थित भाजपा जिला कार्यालय दीपकमल में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यकारिणी एवं दो दिवसीय अभ्यास वर्ग का शुभारंभ हुआ। संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश सह-प्रभारी संजय टंडन ने दीप प्रज्वलित कर किया। यह अभ्यास वर्ग अगले दो दिनों तक चलेगा, जिसमें जिला एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श करेंगे।

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री विपन सिंह परमार, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वंदना योगी, पूर्व विधायक, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अभ्यास वर्ग का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को नई कार्यप्रणाली से अवगत कराना और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देना है। विशेष रूप से वर्ष 2027 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करने पर गहन मंथन किया जाएगा। इसके अलावा संगठन के विस्तार, बूथ स्तर को मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने सहित कई अहम विषयों पर चर्चा होगी।

कार्यशाला के दौरान आधुनिक तकनीक और बदलते राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग पर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। पार्टी नेताओं का मानना है कि डिजिटल माध्यमों और नई तकनीकों का प्रभावी उपयोग संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री विपन सिंह परमार ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा, मजबूत संगठन और विशाल परिवार है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता परिवार के सदस्य की तरह संगठन की मजबूती के लिए समर्पित भाव से कार्य करता है। उन्होंने बताया कि अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ता अगले दो दिनों तक विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव और विचार साझा करेंगे तथा संगठन को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर चर्चा करेंगे।

परमार ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के बीच संगठन को और अधिक मजबूत करना तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है। उन्होंने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी और कार्यकर्ताओं को उसी अनुरूप जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

दो दिवसीय अभ्यास वर्ग में संगठन की कार्यशैली, नेतृत्व विकास, जनसंपर्क, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया की भूमिका, तकनीकी नवाचार और राजनीतिक चुनौतियों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस अभ्यास वर्ग से संगठन को नई दिशा मिलेगी और कार्यकर्ताओं में आगामी चुनावों को लेकर नया उत्साह पैदा होगा।

