Monday, September 7, 2026
HomeNation WiseUttar Pradeshबलिया में गंगा सहित सरयू और टोंस नदी का जलस्तर भी खतरा...

बलिया में गंगा सहित सरयू और टोंस नदी का जलस्तर भी खतरा निशान को किया पार, 121 गांव बाढ़ से प्रभावित

दैनिक जागो वर्ल्ड!बलिया

बलिया में गंगा, सरयू और टोंस नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिससे तटवर्ती 121 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है, जिसमें राशन किट वितरण और सामुदायिक रसोई का संचालन शामिल है, जबकि लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।जनपद में गंगा और सरयू के बाद अब टाेंस नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान को पार कर गया है। बुधवार को तीनों प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा और गंभीर हो गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की चिंता बढ़ गई है। गंगा नदी का जलस्तर पहले से ही न्यूनतम खतरा निशान 57.615 मीटर से 1.795 मीटर ऊपर बह रहा है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर से जिले के 121 गांव बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं। कई गांवों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है, जबकि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को आवागमन और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सरयू नदी का जलस्तर भी बुधवार को खतरे के निशान 64.010 मीटर से 16 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया।इससे सरयू के तटवर्ती इलाकों में भी बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। प्रशासन और ग्रामीण लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। इसी क्रम में पिपरा घाट पर टाेंस नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान 60.00 मीटर को पार कर गया। नदी का पानी खतरे के निशान से आठ सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया है। तीनों नदियों के बढ़ते जलस्तर ने जिले में बाढ़ की स्थिति को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। तटवर्ती गांवों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। बाढ़ क्षेत्र के लोगों की सहायता के लिए अभी तक 47 नावें संचालित की जा रही हैं।तहसील सदर बलिया के ग्राम मुड़ाडीह, शिवपुर दियर नम्बरी के मजरा कृपा राय का डेरा, प्रानपुर, भरसौता के गिरी के टोला तथा नगर पालिका बलिया के वार्ड नंबर-11 में बाढ़ का पानी आबादी क्षेत्र में पहुंच गया है। वहीं तहसील बैरिया के गोपालनगर टाड़ी और चांददियर के आबादी क्षेत्र में सरयू नदी तथा गोपालपुर के मजरा उदयी छपरा में गंगा नदी का बाढ़ का पानी पहुंच गया है।बांसडीह तहसील क्षेत्र के भोजपुरवा, सुल्तानपुर, कमालपुर, चांदपुर, कोलकला, चितबिसांव कला, चितबिसांव खुर्द, रेगहां, कचनार, किर्तुपुर, पर्वतपुर, सारंगपुर, दियरा गंभीरार, दियरा भांगर, रामपुर नम्बरी और चकविलियम गांव भी सरयू नदी की बाढ़ से प्रभावित हैं।बाढ़ प्रभावित लोगों को 6110 राशन किट वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 33,411 दवाओं के किट बांटे गए हैं। इन किट में दवाओं के नाम, किस बीमारी में कौन सी दवा और कितने समय तक लेनी है, समेत आवश्यक जानकारी दर्ज है। बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए गोपालनगर टाड़ी और भोजपुरवा में बाढ़ शरणालय एवं कम्युनिटी किचन स्थापित किए गए हैं। यहां से प्रभावित लोगों को पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular